Local & National News in Hindi

सिवनी कचहरी चौक: शराब दुकान बनी दारूखोरी का अड्डा, सरकार के आदेशों की खुली अवहेलना

0 2
राष्ट्र चंडिका न्यूज़.सिवनी,  शहर के हृदय स्थल कचहरी चौक में स्थित शराब दुकान अब खुलेआम दारूखोरी का अड्डा बन गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है। यह दुकान न केवल जिले की एक प्रमुख बैंक शाखा के ठीक सामने है, बल्कि कुछ ही कदम की दूरी पर एक पुराना चर्च भी स्थित है, जो धार्मिक और सामाजिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शराब ठेकेदार द्वारा दुकान के आसपास शराब पीने की बाकायदा व्यवस्था कर दी गई है। इसके कारण राह चलते आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलते ही यह स्थान शराबी तत्वों का जमावड़ा बन जाता है, जिससे चौक से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
यह स्थिति मध्य प्रदेश सरकार के स्पष्ट आदेशों की खुली अवहेलना है। मध्य प्रदेश की नई आबकारी नीति 2025-26 के तहत, शराब दुकानों के परिसर में मदिरापान की अनुमति नहीं है। साथ ही, धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के पास शराब दुकानें लगाने पर भी प्रतिबंध है। हालांकि, सिवनी का कचहरी चौक इस नीति का स्पष्ट उल्लंघन करता दिख रहा है, जहां बैंक और चर्च जैसी संवेदनशील संस्थाओं के ठीक बगल में शराब की दुकान चल रही है और परिसर के बाहर ही लोग शराब पीते नजर आ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से इस गंभीर मामले पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूरन विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलन का सहारा लेंगे। इस मुद्दे पर प्रशासन की चुप्पी स्थानीय लोगों के धैर्य की परीक्षा ले रही है, और जल्द ही कोई बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.