Local & National News in Hindi

सिवनी जिला कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की आहट: राजकुमार ‘पप्पू’ खुराना की विदाई तय, पंकज शर्मा और राजा बघेल के नामों पर मंथन

0 7
 राष्ट्र चंडिका न्यूज़ सिवनी,  जिले की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। लंबे समय से सिवनी जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर काबिज राजकुमार ‘पप्पू’ खुराना की कुर्सी अब खतरे में नजर आ रही है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने संगठन में नई ऊर्जा और एकजुटता लाने के उद्देश्य से सिवनी जिला इकाई के नेतृत्व में परिवर्तन का मन बना लिया है।
 जिला अध्यक्ष राजकुमार खुराना के कार्यकाल में गुटबाजी और असंतोष चरम पर  है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग उनकी कार्यशैली से नाखुश  है। गुटबाजी और सांगठनिक निष्क्रियता के कारण पार्टी को कई स्तरों पर नुकसान उठाना पड़ा है।
हालांकि राजकुमार ‘पप्पू’ खुराना अभी भी पद छोड़ने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि वे पार्टी नेतृत्व को मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें कुछ और समय दिया जाए, लेकिन संगठन के अंदरूनी समीकरण अब उनके पक्ष में नहीं हैं।
इधर केवलारी विधायक रजनीश सिंह ठाकुर और घंसौर विधायक योगेंद्र सिंह ने जिला कांग्रेस में बदलाव की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए एक सुर में नया नेतृत्व लाने की वकालत की है। इन दोनों विधायकों का मानना है कि संगठन को मजबूत करने के लिए एक ऊर्जावान, सक्रिय और सर्वस्वीकार्य चेहरा जिला अध्यक्ष पद पर लाना आवश्यक है।
इस बीच, नए जिला अध्यक्ष की रेस में पंकज शर्मा और राजा बघेल के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। दोनों ही युवा और सक्रिय नेताओं की गिनती कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में होती है, और संगठन के बड़े नेताओं के साथ भी इनके अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले कुछ महीनों में कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व इस संबंध में औपचारिक घोषणा कर सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह बदलाव सिवनी जिले में कांग्रेस की राजनीति को एक नई दिशा दे सकता है।
संपर्क सूत्रों के अनुसार, नया अध्यक्ष घोषित होने के बाद संगठन का पुनर्गठन भी किया जा सकता है, जिसमें युवा चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए एक मजबूत और सशक्त टीम खड़ी करना है।
अब सवाल यह है कि क्या राजकुमार खुराना इस परिवर्तन को सहजता से स्वीकार करेंगे, या फिर पार्टी के अंदर कोई नया सियासी संघर्ष देखने को मिलेगा?
Leave A Reply

Your email address will not be published.