राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी, नगर के शास्त्री वार्ड निवासी पवन उर्फ सोनू पाराशर (45) का शव शहर सीमा से लगे मानेगांव के समीप एक गड्ढे में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. राजनीतिक परिवार से संबंध रखने वाले सोनू पाराशर पिछले लगभग दो दिनों से लापता थे, और आज शुक्रवार दोपहर उनका शव पानी से भरे एक गड्ढे से बरामद किया गया. प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, क्योंकि शव पर पत्थर बंधे हुए पाए गए हैं, जिससे आशंका है कि उन्हें गड्ढे में डुबोकर मारा गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोनू पाराशर को दो दिन पहले रात में मानेगांव में अपनी स्कूटी पर कुछ लोगों के साथ देखा गया था. इसके बाद से वह लापता थे. क्षेत्रवासियों ने बताया कि बुधवार के बाद वह नजर नहीं आए. गुरुवार को उनकी एक्टिवा मानेगांव स्थित झाड़ियों के समीप मिली थी.
आज दोपहर करीब 3 बजे, मानेगांव के पास एक गड्ढे में, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था, तलाशी अभियान चलाया गया. गड्ढे से पानी निकालने के बाद सोनू पाराशर का शव दिखाई दिया. शव पर पत्थर बंधे होने के कारण यह प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है.
घटनास्थल डूंडासिवनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां डूंडासिवनी थाना प्रभारी सतीश तिवारी और कोतवाली थाना प्रभारी किशोर बामनकर अपनी टीमों के साथ जांच में जुट गए हैं. पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.
सोनू पाराशर के शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, और इस घटना से पूरे शहर में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.