Local & National News in Hindi

नरेश मरावी बने कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

0 4

राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने सिवनी जिले के लिए नरेश मरावी को नया कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद से ही सिवनी के कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि नरेश मरावी, जो लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और एक जुझारू तथा साफ-सुथरी छवि वाले नेता माने जाते हैं, के नेतृत्व में जिले में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उनकी नियुक्ति को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने कई दौर के मंथन के बाद यह फैसला लिया है। पार्टी हाईकमान को उम्मीद है कि मरावी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को मजबूत बनाएंगे।
जैसे ही इस नियुक्ति की खबर सामने आई, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल बन गया। जगह-जगह मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी जाहिर की जा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मरावी का नेतृत्व युवाओं को भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस जिम्मेदारी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नरेश मरावी ने AICC और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलूंगा और सिवनी जिले में कांग्रेस को और मजबूत बनाने के लिए पूरी लगन से काम करूंगा।”
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए यह फैसला बेहद अहम है, और आने वाले चुनावों में नरेश मरावी को बड़ी रणनीतिक भूमिका निभानी होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.