मंडला: पराली यानि नरवाई जलाने पर सख्त प्रतिबंध लगाने से किसान परेशान हैं. पराली जलाने पर किसानों पर एफआईआर दर्ज करने का किसान पुरजोर विरोध कर रहे हैं. मंडला में शुक्रवार को किसानों ने प्रशासनिक नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर जबलपुर–रायपुर नेशनल हाईवे 30 को जाम कर दिया और अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन से गुहार लगाई.
300 ट्रैक्टरों का काफिला लेकर पहुंचे किसान
मंडला जिले के सैकड़ों किसान शुक्रवार सुबह अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ सड़कों पर उतर आए. किसानों ने जबलपुर–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैली निकालते हुए जाम लगा दिया. जिले भर के किसान 300 ट्रैक्टरों के साथ नेशनल हाईवे 30 पर पहुंच गए. इससे नेशनल हाईवे पर जाम लग गया.