Local & National News in Hindi

पन्ना टाइगर रिजर्व में पहाड़ पर बाघ का रैंप वॉक, अंजाद देख फिदा हुए पर्यटक

0 3

पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व का बीते 1 अक्टूबर को कोर एरिया गेट खोला गया था, जिसके बाद लगातार कोर एरिया से बाघ के वीडियो सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक वीडियो शुक्रवार को बाघ पी 243 का वायरल हो रहा है. जिसमें बाघ पहाड़ी पर चट्टानों पर टहलते हुए दिखाई दे रहा है.

मनमोहक अंदाज में दिखा बाघ

पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता गेट के करीब टीटरी वॉच टावर के पास का वीडियो बताया जा रहा है. जहां पर पहाड़ी का सुंदर नजारा दिख रहा है. वहीं पर पहाड़ के किनारे पत्थरों के ऊपर बाघ टहलता हुआ दिखाई दे रहा है. पर्यटक आसानी से बाघ के फोटो कैप्चर कर रहे हैं. यह वीडियो बहुत ही रोमांचित करने वाला है.

बाघ के सिर में दिख रहा था जख्म

कुछ दिन पहले भी बाघ पी 243 का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें बाघ के सिर पर घाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था. हालांकि शुक्रवार वाले वीडियो में बाघ के सिर का घाव नहीं दिख रहा है. जिससे ऐसा लग रहा है कि बाघ का जख्म ठीक हो गया है, क्योंकि पूर्व में जब बाघ पर्यटकों को दिखाई दिया था तो उसके सिर में गहरा घाव दिखाई दे रहा था.

100 से अधिक बाघों की संख्या

पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में 2 गेट मौजूद हैं. जिसमें मुख्य मंडला गेट और दूसरा हिनौता गेट है. 2 बफर गेट है जिसमें झिन्ना गेट एवं अकोला गेट है. यहां पर्यटक टाइगर सफारी का आनंद उठाते हैं. कोर एरिया का गेट मानसून सीजन में 3 महीने के लिए बंद कर दिया जाता है. लेकिन बफर एरिया के गेट चालू रहते हैं. टाइगर रिजर्व के चारों गेटों में बाघों की पर्याप्त लोकेशन रहती है, क्योंकि वर्तमान में बाघों की संख्या 100 से अधिक हो गई है. जो पन्ना टाइगर रिजर्व के अंदर विचरण करते हैं.

पन्ना टाइगर रिजर्व के गाइड पुनीत कुमार बताते हैं कि “यह वीडियो शुक्रवार सुबह का है, जो कि टाइगर रिजर्व के हिनौता गेट का है. यह वीडियो पर्यटकों द्वारा बनाया गया है. वीडियो में बाघ 243 पहाड़ी के किनारे पत्थरों पर टहलता हुआ दिखाई दे रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.