स्वामी विवेकानंद जयंती पर सेवा सप्ताह अंतर्गत कन्या महाविद्यालय में स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी मध्य प्रदेश राज्य शाखा द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में “युवा दिवस” मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 6 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक “सेवा सप्ताह” का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षिका श्रीमती कल्पना इंगले के संरक्षण तथा महाविद्यालय की रेड क्रॉस सोसाइटी प्रभारी श्री रामदीन भलावी के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महाविद्यालय एवं नई पहल एजुकेशन एंड वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
शिविर में नागपुर स्थित सिटी हॉस्पिटल, कामठी से सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. तंजीम आज़मी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उनैजा आजमी, डॉ. सारंग अतराम, ब्रेस्ट कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सोनम साहू एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अशफाक खान ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण एवं परामर्श, लेंस के माध्यम से चश्मा परामर्श, बीपी, शुगर, ईसीजी जांच के साथ-साथ विशेष स्वास्थ्य परामर्श भी दिए गए।
कैंसर रोग विशेषज्ञ द्वारा छात्राओं को दिनचर्या में सुधार कर विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। शिविर में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, साथ ही छात्राओं के अभिभावकों एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। लगभग 220 लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस की छात्राओं का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी श्रीमती अलका मर्सकोले, रसायन शास्त्र विभाग से डॉ. अनीता बुरडे, माइक्रोबायोलॉजी विभाग से सुश्री वर्षा पांडे, डॉ. अनीता भट्ट, श्रीमती लक्ष्मी मेश्राम, सुश्री आयशा सिद्धिका, डॉ. अर्पणा अवस्थी, श्री राशीद खान सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।