कलेक्टर श्रीमती पटले की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक संपन्न

राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। सोमवार 16 फरवरी को कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने समय सीमा में दर्ज प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की तथा निराकरण के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश दिये। उन्होंने विभागवार सी एम हेल्प लाईन प्रकरणों की भी समीक्षा कर अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्ता युक्त निराकरण के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने जिलेवार रैंकिंग तथा समाधान में चयनित शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने राजस्व प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अनुभागवार लंबित सीमांकन, बटवारे, नामांतरण सहित सभी राजस्व प्रकरणों का अवलोकन कर सभी प्रकरणों का तय समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश सभी तहसीलदार एवं अनुविभागीय अधिकारियों को दिये हैं।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री कार्यालय, जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों तथा वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों की विभागवार समीक्षा कर प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिये। कलेक्टर श्रीमती पटले ने आगामी ग्रीष्म ऋतु में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम पेयजल आपूर्ति को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जलनिगम के साथ ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। उन्होंने भीमगढ बांध से संचालित होने वाली पेयजल योजनाओं से संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर ग्रीष्म काल में सुगम जलापूर्ति की कार्ययोजना तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने विभागवार स्वरोजगार मूलक योजनाओं की प्रगति की भी योजनावार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक योजना में लक्ष्यानुसार अधिकतम प्रकरण बैंकों को प्रेषित कर पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने के निर्देश दिये हैं।






