Sonitpur Accident: शोणितपुर में एंबुलेंस-ट्रक की भिड़ंत, 6 लोगों की जान गई, 2 घायल; नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम
असम के सोनितपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां रविवार रात को एक एंबुलेंस और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है. हादसा ढेकियाजुली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-15 (NH-15) पर हुआ.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस एक मरीज और उसके परिवार के सदस्यों को लेकर तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल (TMCH) जा रही थी. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक के साथ एंबुलेंस की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.
6 की मौके पर मौत, 2 गंभीर
सोनितपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरुन पुरकायस्थ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर के बाद छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में मरीज के अलावा उसके परिजन और एंबुलेंस का स्टाफ शामिल होने की आशंका है. वहीं, दो अन्य लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया गया है. उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवा कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा, जिसे पुलिस ने अब बहाल कर दिया है. प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या यह हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या इसके पीछे खराब दृश्यता या कोई तकनीकी कारण था.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.