राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय सिवनी स्थित महारानी लक्ष्मी बाई कन्या विद्यालय में दोपहर 12:00 बजे से जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन के राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। साथ ही विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा बताया गया कि 8 से 14 अप्रैल 2026 तक “अंबेडकर जयंती सप्ताह” के अंतर्गत जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके योगदान, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों पर वाचन, भजन एवं गीत प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को जिले के प्रत्येक ग्राम में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा तथा छात्रावास एवं आश्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विशेष भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सिवनी को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विभिन्न अधिकारियों को विकासखण्ड स्तर पर दायित्व सौंपे गए हैं, जिससे सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सकें।