100 दिवसीय नि-क्षय शिविर में उत्कृष्ट कार्य के लिए नरसिंहपुर जिला हुआ सम्मानित
राष्ट्र चंडिका न्यूज़, नरसिंहपुर (अमर नौरिया) राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कलेक्टर नरसिंहपुर श्रीमती शीतला पटले को 100 दिवसीय नि-क्षय शिविर अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले की स्वास्थ्य टीम को भी पुरस्कृत किया गया। यह सम्मान समारोह भोपाल स्थित राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित किया गया, जहां 100 दिवसीय नि-क्षय शिविर अभियान की उपलब्धियों के साथ ही ‘स्वस्थ यकृत मिशन’ का शुभारंभ भी किया गया।
नरसिंहपुर जिले में 7 दिसंबर 2024 से 25 मार्च 2025 तक चले इस अभियान के अंतर्गत कुल 3,575 शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 38,646 लोगों के सैंपल लिए गए, 37,337 टेस्ट किए गए, और 18,410 एक्स-रे किए गए।
यह अभियान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के 23 उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में से एक नरसिंहपुर में संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य टीबी उन्मूलन को गति देना तथा जन जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान मधुमेह, कुपोषण, धूम्रपान, शराब सेवन, पूर्व टीबी रोगी, संपर्क व्यक्ति एवं एचआईवी संक्रमित जैसे उच्च जोखिम वाले समूहों की स्क्रीनिंग, जांच व उपचार किया गया।शिविरों का आयोजन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य केंद्रों, फैक्ट्रियों, उद्योगों, ईंट भट्टों और निर्माण स्थलों सहित अनेक सार्वजनिक स्थलों पर किया गया। इस दौरान पंचायतों, शहरी निकायों, स्व-सहायता समूहों, जन व महिला आरोग्य समितियों के सहयोग से जनजागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नि-क्षय सप्ताह एवं अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए नरसिंहपुर जिले की पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई दी जा रही है। यह सम्मान न केवल जिले के प्रयासों की सराहना है, बल्कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्ट कार्य की प्रेरणा बनेगा।