शहर के प्रमुख स्थल दलसागर तालाब में आज सुबह एक फोर व्हीलर वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा घुसी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
राष्ट्र चंडिका न्यूज़.सिवनी — शहर के दलसागर तालाब के पास आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरी। गनीमत रही कि तालाब में पानी कम था, जिससे किसी बड़ी जनहानि से बचाव हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन रायपुर निवासी एक व्यक्ति चला रहा था। बताया जा रहा है कि चालक तेज रफ्तार में वाहन को मोड़ कर खड़ा करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और तालाब में जा घुसा। जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां सुरक्षा के लिए कोई जाली नहीं लगी है, जिससे वाहन सीधे पानी में जा गिरा।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल चालक को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, और वाहन को तालाब से बाहर निकालने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने तालाब किनारे सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें।
अगर तालाब में पानी ज्यादा होता, तो यह हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।
दलसागर तालाब में गिरी फोर व्हीलर, कोई हताहत नहीं — देखने उमड़ी भीड़
अब तक दोपहर 11 बज चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। वाहन को बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं, वहीं लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़ न लगाएं और शांति बनाए रखें। फिलहाल पुलिस और राहत दल मौके पर मौजूद हैं।