खजुराहो : खजुराहो एयरपोर्ट की कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. खजुराहो नगर परिषद के CMO ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को नोटिस जारी कर टैक्स के 45 लाख रुपये जमा करने को कहा है. ये राशि जमा नहीं करने पर कुर्की की जाएगी. नगरपालिका का नोटिस मिलेत ही एयरपोर्ट अथॉरिटी में हड़कंप मच गया. नगर परिषद ने नोटस में चेतावनी देते हुए कहा कि एयरपोर्ट को कब्जे में लेकर बेच दिया जाएगा.
खजुराहो एयरपोर्ट पर प्रॉपर्टी टैक्स का 45 लाख बकाया
ऐसा शायद पहली बार हो रहा है कि देश की किसी नगर परिषद द्वारा एयरपोर्ट को कुर्क करने का आदेश दिया गया हो. खजुराहो एयरपोर्ट द्वारा खजुराहो नगर परिषद को पिछले 20 साल से टैक्स जमा नहीं किया गया. कई बार नगर परिषद ने बकाया जमा करने के लिए नोटिस दिए लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया. अब खजुराहो नगर परिषद के CMO बसंत चतुर्वेदी ने अंतिम नोटस जारी कर कुर्की करने की चेतावनी दी है. यही नहीं पुलिस विभाग और जिला प्रशासन से अतिरिक्त्त बल की मांग भी की गई है.
लंबे संघर्ष के बाद 6 छह दिन पहले खजुराहो एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं बहाल हुई हैं. इस बीच संपत्ति कर जमा नहीं करने पर नगर परिषद के सीएमओ बसंत चतुर्वेदी ने एयरपोर्ट कुर्क करने के लिए फोर्स मांगा है. एसडीएम खजुराहो ने भी कुर्की की कार्रवाई किए जाने की पुष्टि की है. सीएमओ ने विमानतल के निदेशक एवं विशेष कार्याधिकारी को नोटिस जारी करते हुए चल संपत्ति को कुर्क का नोटिस जारी किया है. सीएमओ ने पूर्व में निदेशक विमानतल को 15 दिन के अंदर संपत्ति कर जमा करने के लिए पत्र जारी किया था लेकिन कोई जबाब नही मिला.
सीएमओ ने एसडीएम व पुलिस को भी लिखा पत्र
अब सीएमओ ने एसडीएम समेत पुलिस बल को एक सप्ताह के अंदर कुर्की की कार्रवाई करने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पत्र लिखा है. इस बारे में राजनगर एसडीएम प्रशांत अग्रवाल ने बताया “संयुक्त टीम एक सप्ताह के अंदर एयरपोर्ट की संपत्ति की कुर्की कर विक्रय करेगी. एयरपोर्ट की संपत्ति को कुर्क कर उसके विक्रय से टैक्स की बकाया राशि को जमा कराया जाएगा.” वहीं, नगर परिषद को खजुराहो एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से एक पत्र में कहा है कि एयरपोर्ट भारत सरकार का उपक्रम है व कई वर्षों से घाटे में चल रहा है. ऐसे में टैक्स छूट दिए जाने की मांग की गई है.
एक सप्ताह में होगी एयरपोर्ट की कुर्की
खजुराहो नगर परिषद के CMO बसंत चतुर्वेदी ने बताया “नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 164(3) के तहत एयरपोर्ट प्रबंधन के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई प्रस्तावित की है. 6 अक्टूबर 25 को जारी कुर्की के नोटिस की तामीली के बाद भी एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा टैक्स का भुगतान नहीं किया गया है. ऐसे में कुर्की की कार्रवाई करने के लिए एसडीएम और थाना प्रभारी को पत्र भेजते हुए बाल की मांग की गई है.” वहीं, SDM प्रशांत अग्रवाल का कहना है “वसूली के लिए कुर्की के नोटिस की अवधि खत्म हो गई है. एक सप्ताह के अंदर संयुक्त टीम एयरपोर्ट की संपति की कुर्की की कार्रवाई करेगी.”