सिवनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात शराब तस्कर कमल मानाठाकुर गिरफ्तार, साढ़े तीन लाख से अधिक का मशरूका जब्त
राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। जिला पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर कुख्यात शराब तस्कर कमल मानाठाकुर को बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी और भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
8 मार्च 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली बोलेरो में अवैध शराब की बड़ी खेप शहर में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसपी दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस ने छिंदवाड़ा रोड स्थित ‘द ग्रेड रॉयल होटल’ के सामने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
तलाशी में मिली 339 लीटर शराब
चेकिंग के दौरान छिंदवाड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के भीतर 14 थैले और 11 कार्टूनों में भरी कुल 339.28 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। वाहन चालक की पहचान कमल मानाठाकुर (51 वर्ष), निवासी रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी के रूप में हुई है। वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने शराब और वाहन को जप्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
जप्ती का विवरण:
अवैध शराब: 339.28 लीटर (कीमत ₹86,100)
वाहन: बिना नंबर की बोलेरो (कीमत ₹3,00,000)
कुल मशरूका: ₹3,86,100
पुराना अपराधी है कमल मानाठाकुर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी कमल मानाठाकुर एक आदतन अपराधी है। इसके पूर्व 2024 में भी उसे 223 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ा गया था। आरोपी पर पूर्व में आबकारी एक्ट के 4 मामले और शासकीय कार्य में बाधा डालने का 1 मामला दर्ज है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, उनि दयाराम शरणागत, सउनि दिनेश रघुवंशी, प्र.आर. मुकेश गोडाने, आरक्षक प्रदीप चौधरी, पंकज सोलंकी, अजेन्द्र पाल, सौरभ ठाकुर और टीम के अन्य सदस्यों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि शराब का यह जखीरा कहाँ से लाया जा रहा था।