शफीक खान सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष पद से बर्खास्त, भ्रष्टाचार के आरोपों पर राज्य सरकार की बड़ी कार्रवाई
राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी – सिवनी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता शफीक खान को मध्यप्रदेश शासन ने गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होने के बाद उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 4-क के अंतर्गत की गई है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका को हुई आर्थिक क्षति की भरपाई के लिए शफीक खान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समान रूप से उत्तरदायी होंगे।
जांच में दोष सिद्ध, वसूली के निर्देश- नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में बताया गया कि विभागीय जांच में शफीक खान सहित नगर पालिका के कई अधिकारी व कर्मचारी दोषी पाए गए हैं। शासन ने सभी दोषियों से सरकारी राजस्व की वसूली के निर्देश भी जारी किए हैं।
भ्रष्टाचार का गढ़ बनी सिवनी नगर पालिका – स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर पालिका परिषद सिवनी वर्षों से भ्रष्टाचार का केंद्र बनी रही है। कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में होने के बावजूद, यहां जनधन की खुली लूट होती रही। यह भी कहा जा रहा है कि सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक और सांसद होने के बावजूद नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
सूत्रों का कहना है कि कुछ अधिकारी वर्षों से अपने पदों पर टिके रहे और सरकारें बदलने के बावजूद उन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
लीज घोटाले ने खड़े किए सवाल – हाल ही में नगर पालिका द्वारा करोड़ों रुपये की संपत्तियों को बेहद कम दर पर लीज पर देने का मामला सामने आया। राजस्व समिति के तत्कालीन सभापति हाजी सोहेल पाशा ने इस पर आपत्ति जताई और जिलाधिकारी को पत्र भी लिखा। पाशा का आरोप है कि इस शिकायत के बाद उन्हें उनके पद से हटा दिया गया, जिससे राजनीतिक साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
स्वतंत्र जांच की उठी मांग – सिवनी के सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका में हुए सभी घोटालों की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने वालों से वेतन, पेंशन और भत्तों से राशि की वसूली की जाए, जिससे भविष्य में ऐसे मामलों पर लगाम लग सके।
कांग्रेस की चुप्पी पर उठे सवाल- स्थानीय नागरिकों ने कांग्रेस संगठन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नगर पालिका में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार होने के बावजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने अब तक इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिससे उनकी चुप्पी को मौन समर्थन माना जा रहा है।
अगला अध्यक्ष कौन? बढ़ी राजनीतिक हलचल – शफीक खान के हटने के बाद अब नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के नेता इस पद को अपने पक्ष में करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि अगला अध्यक्ष किस पार्टी से होगा और क्या वह सिवनी की जनता की खोई हुई आस्था को दोबारा जीत पाएगा।