Local & National News in Hindi

समय-सीमा बैठक संपन्न

0 2
 राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी .कलेक्टर सुश्री संस्‍कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार 16 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में  समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में  अपर कलेक्‍टर श्री सी एल चनाप, अपर कलेक्टर एवं प्रभारी सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुनीता खण्‍डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख की उपस्थिति रही। इसी तरह विभिन्न विभागों के खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
          बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्‍कृति जैन ने सीएम हेल्‍पलाईन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलेवार एवं विभागवार रैंकिंग में पिछडे विभागों को रैंकिंग में सुधार के निर्देश दिये। उन्होंने प्रमुख रूप से नगरपालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को अधिकतम शिकायतों के संतुष्टीपूर्ण निराकरण के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर सुश्री जैन ने समग्र ई-केवायसी की प्रगति की भी समीक्षा कर अभियान मोड में सभी नगरपालिका एवं जनपद के अधिकारियों को डोर टू डोर सर्वे कर लंबित ई-केवायसी पूरी कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने सभी जनपदों में बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों के मैदानी अमले को प्रशस्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिये हैं साथ ही 70 प्रतिशत से कम प्रगति वाली पंचायतों के कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया है।
      बैठक में कलेक्‍टर सुश्री जैन ने राजस्व प्रकरणों की अनुभागवार समीक्षा के दौरान राजस्‍व अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्‍ट्री, सीमांकन के लंबित प्रकरणों सहित अन्य प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्‍टर सुश्री जैन ने समग्र ई-केवायसी कार्यों की भी समीक्षा सभी सीएमओ और सीईओ जनपदों को मैदानी स्‍तर पर प्रचार-प्रसार करते हुये लंबित ई-केवायसी तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिये हैं।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों की हुई समीक्षा
      बैठक में कलेक्‍टर सुश्री जैन ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत ग्रामवार आयोजित किये जा रहे शिविरों की जानकारी लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं अन्य संबंधितों को दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान अंतर्गत आयोजित किये जा रहे कैंपों का विस्तृत प्रचार-प्रसार किया जाये। अभियान से जुडे विभागों के जिला प्रमुखों को अपने मैदानी अमले को आयोजित कैंपों में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित करने के लिए कहा गया है। उन्होंने अभियान के दौरान शतप्रतिशत हितग्राहियों को पात्र योजना से लाभांवित करने के निर्देश दिये गए हैं।
      कलेक्टर सुश्री जैन ने शिक्षा, जनजातीय कार्यविभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्धारित मात्रा में नियमानुसार खाद्यान्न का उठाव करते हुए आंगनवाड़ी केन्‍द्रों एवं छात्रावासों तथा स्‍कूलों में अध्‍ययनरत बच्‍चों के लिए भोजन की व्‍यवस्‍था करने के निर्देश दिये है। उन्‍होंने जिला परिवहन अधिकारी को स्कूलों में संचालित बसों का फिटनेस एवं अन्य दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिये हैं।
      कलेक्‍टर सुश्री जैन ने खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली फसलों को ध्यान में रखते हुए जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को दिये गए हैं। उन्होंने अमानक खाद-बीज बेचने वाले दुकानदारों पर भी सक्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.