राष्ट्र चंडिका न्यूज़ ,सिवनी, सिवनी कोतवाली पुलिस ने मंदिरों में सेंधमारी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर दो चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के कुशल नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती पूजा पाण्डेय के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस लगातार अपराधियों पर नकेल कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2025 को जितेंद्र बघेल निवासी भैरोगंज सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भैरोगंज स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी चोरी कर ली गई है। इसके ठीक अगले दिन, 14 जुलाई 2025 को दिलीप राय निवासी आर्चीपुरम सिवनी ने आर्चीपुरम स्थित शिव मंदिर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर रखे दो एम्पलीफायर और तांबे की गुंडी चुरा ले गया था। दोनों ही मामलों में कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने इन दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए एक टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फुटेज में दिख रहे संदिग्ध मयंक सनोडिया (उम्र 18 वर्ष, निवासी मंगलीपेठ एफसीआई रोड सिवनी) से पूछताछ की। मयंक ने दोनों चोरियों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी का सारा सामान छिंदवाड़ा बायपास के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान विधिवत जब्त कर लिया है। जब्त किए गए सामान में दो एम्पलीफायर, एक गुंडी (कुल कीमत 9300 रुपये), एक लोहे की दो खंड वाली दान पेटी और उसमें रखी 409 रुपये की नकदी शामिल है। आरोपी मयंक सनोडिया को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक किशोर वामनकर, प्रधान आरक्षक मनोज पाल, चंद्रप्रकाश अड़मे, आरक्षक सतीश इनवाती, अजेंद्र पाल, अमित रघुवंशी, प्रतीक बघेल, अंकित देशमुख, इरफान खान और चीता स्टाफ की विशेष भूमिका रही।