Local & National News in Hindi

कलेक्टर श्रीमती पटले की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक संपन्न, तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

0 5

राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी। सोमवार 12 जनवरी को कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री सी.एल. चनाप, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
बैठक में सर्वप्रथम कलेक्‍टर श्रीमती शीतला पटले ने संकल्‍प से समाधान अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्‍होंने 12 जनवरी से प्रारंभ होकर 31 मार्च तक चलने वाले अभियान के जिले में सफलतम क्रियान्‍वयन को लेकर सभी जनपदों एवं नगरपालिका के अधिकारियों के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को विस्‍तृत दिशा-निर्देश दिये। उन्‍होंने निर्देश दिये कि अभियान में चिन्‍हांकित योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के चिन्‍हांकन के लिए डोर टू डोर सर्वे एवं शिविरों का आयोजन किया जाए तथा समय-सीमा में आवेदनों को निराकरण कर हितग्राहियों को लाभांवित करना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्‍टर श्रीमती पटले ने कृषि रथों के ग्रामवार भ्रमण के संबंध में भी जानकारी लेकर कृषि एवं अन्‍य संबंधित विभागों को निर्देश दिये कि जिले के आठों विकासखंडों में चल रहे कृषि रथ निर्धारित रूटचार्ट अनुसार ग्रामों में पहुंचे तथा किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीक सहित अन्‍य जरूरी जानकारी उपलब्‍ध कराऐं। उन्‍होंने कृषि रथ के ग्राम में भ्रमण के दौरान पशुपालन, उद्यानिकी के साथ ही अन्‍य संबंधित विभाग के मैदानी अमले एवं कृषि वैज्ञानिकों को उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्‍टर श्रीमती पटले ने जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्‍तायुक्‍त पेयजल आपूर्ति के लिए की जा रही कार्यवाही की समीक्षा करते हुए सभी सीएमओ, जनपद के अधिकारियों तथा पीएचई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से डब्‍लू टी पी, पानी की टंकियों की सफाई की जाए, सतत रूप से घरों से पानी के नमूने लेकर उसकी गुणवत्‍ता का परीक्षण किया जाए। उन्‍होंने शासन द्वारा तैयार किए गए अमृत रेखा एप के उपयोग के लिए अपने अधिनस्‍थ अमले के प्रशिक्षण के निर्देश दिये हैं।
बैठक में कलेक्‍टर श्रीमती पटले ने लंबे समय से लंबित सीएम हेल्‍प लाईन की शिकायतों की भी विभागवार विस्‍तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान शिकायत को बिना वजह एक विभाग से दूसरे विभाग में स्‍थानांतरित करना पाया जाने को लेकर सीईओ जनपद बरघाट एवं महाप्रबंधक प्रधानमंत्री सड़क को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये हैं साथ ही इसी तरह की शिकायत तथा बैठक में वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से न जुड़ने को लेकर बीएमओ लखनादौन को भी नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्‍टर श्रीमती पटले ने अधिकारियों को मुख्‍यमंत्री कार्यालय, जनप्रतिनिधियों से प्राप्‍त शिकायतों तथा वरिष्‍ठ कार्यालयों से प्राप्‍त पत्रों की विभागवार समीक्षा कर प्रकरणों के गुणवत्‍तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिये। उन्‍होंने विभागवार न्‍यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा कर संबंधित विभाग प्रमुखों को सभी लंबित प्रकरणों में जवाब दावा प्रस्‍तुत करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्‍टर श्रीमती पटले ने धान उपार्जन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आज दिनांक तक केन्‍द्रों में हुई खरीदी, परिवहन तथा किसानों को भुगतान स्थिति की भी समीक्षा करते हुए उपार्जित धान के त्‍वरित उठाव की व्‍यवस्‍था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्‍होंने उपार्जन के दौरान आ रही शिकायतों को भी संज्ञान लेकर नियमानुसार जांच करते हुए लापरवाही बरतने वाली समितियों पर कार्यवाही सुनिश्‍चित करने के निर्देश दिये हैं।
बैठक में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के गौरवपूर्ण एवं व्‍यवस्थित आयोजन को लेकर भी समीक्षा की गई। कलेक्‍टर श्रीमती पटले ने कार्यक्रम के व्‍यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्‍न विभागों के अधिकारियों को आवश्‍यक दायित्‍व सौंपे हैं। उन्‍होंने अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.