हायरसेकेण्डरी संस्कृत परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न

41 केंद्रों पर 1308 परीक्षार्थी रहे उपस्थित
राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी ने जानकारी देकर बताया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायरसेकेण्डरी मुख्य परीक्षा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले के 84 परीक्षा केंद्रों पर 10 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 16 फरवरी 2026 को हायरसेकेण्डरी परीक्षा का विषय संस्कृत जिले के 41 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया गया। इस परीक्षा में कुल 1331 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 1308 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 23 अनुपस्थित रहे वहीं परीक्षा के दौरान नकल निरंक पाया गया। परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिवनी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिवनी के मार्गदर्शन में संदीप ठाकुर एवं शिवम यादव ई-गवर्नेंस सिवनी तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बी.डी. नोगधे एवं अय्यूब खान द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एस. कुमरे, सहायक संचालक श्री आर.पी. पाटिल, प्राचार्य श्रीमती सुनीता ओसवाल एवं श्रीमती प्रतिक्षा मानगडे जिलास्तरीय निरीक्षण दल में शामिल रहे। दल द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उमावि बरघाट, शासकीय कन्या उमावि बरघाट, शासकीय उमावि धारनाकला, शासकीय उमावि आष्टा, शासकीय उमावि गंगेरूआ धपारा तथा विक्रम हाई स्कूल बरघाट का निरीक्षण किया गया। विकासखण्ड स्तरीय उड़नदस्ता दलों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित पाई गई।






